Connect with us

बलिया

शिवपुर चौराहा बना जलभराव का केंद्र, छात्र-छात्राएं व राहगीर परेशान

Published

on

Loading...
Loading...

नाली जाम से सड़क पर पानी भराव, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से की स्थायी समाधान की मांग

बेरुआरबारी (बलिया)। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत शिवपुर का प्रमुख चौराहा इन दिनों गंभीर जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। लगातार बारिश और नालियों की सफाई न होने के कारण पूरा क्षेत्र तालाब में तब्दील हो गया है, जिससे आमजन, दुकानदारों और विशेष रूप से विद्यालय जाने वाले छात्र-छात्राओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

शिवपुर चौराहे से होकर श्री रामशरण इंटर कॉलेज, शिवपुर जाने वाले सैकड़ों छात्र-छात्राएं प्रतिदिन बसंतपुर, शिवपुर, दतीवड़, खंडैला, अपायल सहित आसपास के गांवों से आवागमन करते हैं। जलभराव और फिसलन भरी सड़क के कारण कई विद्यार्थी गिरकर चोटिल हो चुके हैं, वहीं कई बार कपड़े खराब होने पर उन्हें वापस घर लौटना पड़ता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे बनी नाली लंबे समय से जाम पड़ी है। खुले नाले में मिट्टी और कचरा भर दिए जाने से जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप घरों का गंदा पानी और बारिश का पानी सड़क पर जमा होकर पूरे चौराहे को जलमग्न कर देता है।

लगातार जलभराव से सड़क भी क्षतिग्रस्त होने लगी है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नाली की सफाई और उस पर ढक्कन लगाने की व्यवस्था की गई होती, तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती।

Advertisement

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि शिवपुर चौराहे का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर नाली सफाई, अतिक्रमण हटाने और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यह समस्या केवल जलभराव की नहीं, बल्कि छात्रों की सुरक्षा, शिक्षा और जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुकी है।

यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थिति और अधिक विकराल हो सकती है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page