Uncategorized
देवकली रामपुर मांझा में पुलिस का पैदल मार्च, असामाजिक तत्वों में मचा हड़कंप
थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह बोले— कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर रहेगी पुलिस की कड़ी नजर
गाजीपुर। देवकली रामपुर मांझा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार देर रात थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर लोगों से संवाद स्थापित किया गया तथा असामाजिक एवं अवांछनीय तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पैदल मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल बनाए रखना तथा छोटी से छोटी संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रखना है। उन्होंने कहा कि नियमित गश्त और जनसंपर्क से अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिलों की सघन जांच भी की। साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों और दुकानदारों से मुलाकात कर सुरक्षा संबंधी सुझाव लिए तथा उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी।
थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की गैरकानूनी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
