Connect with us

वाराणसी

लंका में बंद पड़ा इंडिया ओवरसीज बैंक का वाटर कूलर, राहगीरों को हो रही परेशानी

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए इंडिया ओवरसीज बैंक के सार्वजनिक वाटर कूलर रखरखाव के अभाव में अनुपयोगी होते जा रहे हैं। लंका क्षेत्र स्थित शिव मंदिर के नीचे स्थापित बैंक का वाटर कूलर पिछले कई दिनों से बंद पड़ा है, जिससे राहगीरों, मरीजों के तीमारदारों, छात्रों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बैंक की ओर से जनहित में लगाया गया यह वाटर कूलर क्षेत्रवासियों और बाहर से आने वाले लोगों के लिए बड़ी सुविधा था। लंका क्षेत्र में अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान और धार्मिक स्थल होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में गर्मी के मौसम में ठंडे पेयजल की व्यवस्था काफी राहत पहुंचाती है।

लोगों का कहना है कि स्थापना के कुछ समय बाद ही वाटर कूलर बंद हो गया और फिलहाल उसमें पानी नहीं आ रहा है। यह तकनीकी खराबी है या किसी अन्य कारण से बंद है, इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन लंबे समय से खराब पड़े रहने के कारण इसका उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल जनसुविधाएं स्थापित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका नियमित रखरखाव और समय-समय पर निरीक्षण भी आवश्यक है। यदि समय पर मरम्मत और देखरेख नहीं होगी तो ऐसी सुविधाएं धीरे-धीरे बेकार हो जाएंगी और आम लोगों को उनका लाभ नहीं मिल सकेगा।

क्षेत्रीय लोगों ने इंडिया ओवरसीज बैंक और संबंधित विभाग से बंद पड़े वाटर कूलर की शीघ्र मरम्मत कर उसे पुनः चालू कराने की मांग की है। साथ ही शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगाए गए वाटर कूलरों के नियमित रखरखाव की भी अपील की है, ताकि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page