गोरखपुर
मोहर्रम जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न, प्रशासन को मिला सराहना
गोरखपुर। जनपद में मोहर्रम का जुलूस इस वर्ष शांतिपूर्ण एवं पारंपरिक ढंग से सम्पन्न हुआ। विभिन्न क्षेत्रों से निकाले गए जुलूस निर्धारित मार्गों पर प्रशासनिक निगरानी और आयोजकों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए। पूरे आयोजन के दौरान जिले में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा।
जुलूस के दौरान आपसी भाईचारे और धार्मिक सद्भाव की मिसाल देखने को मिली। सभी जुलूसों ने निर्धारित मार्गों और समय का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से अपनी परंपराओं का निर्वहन किया। किसी भी स्थान से किसी प्रकार की अप्रिय घटना या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली।
नगर निगम और जिला प्रशासन के समन्वय से सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यापक व्यवस्था की गई थी, जिसके चलते आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना की।
इसी क्रम में इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी के जिला अध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अपर नगर मजिस्ट्रेट से मुलाकात कर मोहर्रम के सफल आयोजन में प्रशासनिक सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कमेटी की ओर से अपर नगर मजिस्ट्रेट को अंगवस्त्र और बुके भेंट कर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन की बेहतर व्यवस्था के कारण जनपद में शांति और सद्भाव कायम रहा।
कार्यक्रम में कमेटी के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोगपूर्ण व्यवस्था की उम्मीद जताई गई।
