वाराणसी
पेंटर सोनू यादव हत्याकांड का खुलासा, मुख्य आरोपी गोपी चंद चौरसिया गिरफ्तार
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नगवा में 9 जून को हुए चर्चित पेंटर सोनू यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कमिश्नरेट वाराणसी की लंका पुलिस ने आरोपी गोपी चंद चौरसिया (26) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को सोनू यादव की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए लंका थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से मामले की गहन पड़ताल की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दिलदारनगर (गाजीपुर) निवासी गोपी चंद चौरसिया पुत्र महेंद्र चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वैज्ञानिक जांच से सुलझी गुत्थी
घटना के बाद सोनू यादव की मौत को लेकर हत्या और आत्महत्या दोनों तरह की आशंकाएं सामने आ रही थीं। मृतक के हाथ में असलहा मिलने से मामला उलझा हुआ था। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए हत्या की पुष्टि की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में थाना लंका पर मु0अ0सं0 0272/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस दर्ज की गई थी। जांच के दौरान धारा 238(1) बीएनएस तथा 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोत्तरी भी की गई।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राज कुमार, चौकी प्रभारी नगवां उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक हरनारायण तथा लंका थाना व सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
परिजनों को न्याय की उम्मीद
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मृतक सोनू यादव के परिजनों को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कमिश्नरेट वाराणसी में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
