Connect with us

वाराणसी

लहरतारा-कैंट रोड पर जाम से लोग परेशान, दो किलोमीटर का सफर 45 मिनट में

Published

on

Loading...
Loading...

सिक्स लेन निर्माण और बस स्टैंड संचालन बना मुख्य वजह, यातायात व्यवस्था चरमराई

निर्माण सामग्री, अवैध पार्किंग और बसों के टर्न से घटा सड़क का उपयोगी हिस्सा

वाराणसी। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल लहरतारा-कैंट रोड पर लंबे समय से लग रहे जाम से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 26 फीट चौड़ी इस सड़क का करीब आठ फीट हिस्सा निर्माण कार्य के चलते बाधित है, जबकि शेष हिस्से में बसों और वाहनों के आवागमन से स्थिति और गंभीर हो गई है।

पिछले तीन महीनों से इस मार्ग की यातायात व्यवस्था प्रभावित है, जिससे पूरा ट्रैफिक सिस्टम अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है। पुलिस आयुक्त द्वारा भी मौके का दो बार निरीक्षण किया जा चुका है, बावजूद इसके जाम की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।

बस स्टैंड और निर्माण कार्य से बढ़ी समस्या

Advertisement

बौलिया से लहरतारा होते हुए कैंट, ककरमत्ता और फुलवरिया फ्लाईओवर की ओर जाने वाले मार्ग पर 14 घंटे में लगभग 22,300 वाहनों का आवागमन दर्ज किया जाता है। लहरतारा-कैंट मार्ग पर स्थित निजी बस स्टैंड और सिक्स लेन निर्माण कार्य जाम का प्रमुख कारण बने हुए हैं।

दिन के समय पोकलेन और जेसीबी मशीनों से चल रहे निर्माण कार्य के कारण यातायात और अधिक प्रभावित हो रहा है। सड़क किनारे निर्माण सामग्री और मलबा पड़े रहने से मार्ग संकरा हो गया है।

अव्यवस्थित संचालन से और बिगड़ी स्थिति

गाजीपुर रूट की निजी बसों का संचालन और सवारियों के लिए सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा व ऑटो भी जाम की समस्या को बढ़ा रहे हैं। कई स्थानों पर स्थिति ऐसी हो गई है कि 26 फीट चौड़ी सड़क का उपयोगी हिस्सा घटकर 10 फीट से भी कम रह जाता है।

इस कारण महज दो किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को 30 से 45 मिनट तक का समय लग रहा है।

Advertisement

12 पुलिसकर्मी भी व्यवस्था संभालने में असमर्थ

बौलिया से कैंट और लहरतारा के बीच यातायात नियंत्रण के लिए 12 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद जाम की स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।

स्थानीय तैनाती के अनुसार लहरतारा आरओबी, ककरमत्ता मार्ग, बौलिया और फुलवरिया मोड़ पर पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर रहते हैं, लेकिन वाहनों का अत्यधिक दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था चुनौती बनी हुई है।

बस और ऑटो संचालन पर नियंत्रण के निर्देश

एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने बताया कि निर्माण कार्य के चलते कुछ अस्थायी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड संचालकों को सड़क पर बस खड़ी न करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ई-रिक्शा और ऑटो चालकों को निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करने के लिए कहा गया है।

Advertisement

पुलिसकर्मियों को भी यातायात संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आने देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल्द से जल्द जाम की समस्या को नियंत्रित किया जा सके।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page