Connect with us

गाजीपुर

नर्सिंग छात्रा की मौत मामले में नया खुलासा, आरोपी बॉयफ्रेंड ने कबूली गर्भपात की दवा देने की बात

Published

on

Loading...
Loading...

तीन माह की गर्भवती थी छात्रा, दवा सेवन के बाद बिगड़ी हालत

पुलिस हिरासत में आरोपी से पूछताछ जारी, तहरीर का इंतजार

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस जांच में जुटी है। हालांकि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन हिरासत में लिए गए आरोपी युवक से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जौनपुर निवासी आरोपी युवक ने पूछताछ में बताया कि छात्रा गुरुवार सुबह करीब नौ बजे उसके लिए खाना लेकर पहुंची थी। बातचीत के दौरान तीन माह की गर्भावस्था का मुद्दा सामने आया, जिस पर उसने छात्रा पर गर्भपात की दवा लेने का दबाव बनाया। आरोपी के अनुसार छात्रा इसके लिए तैयार नहीं थी, लेकिन उसके लगातार दबाव के बाद उसने दवा का सेवन कर लिया।

दवा लेने के डेढ़ घंटे बाद बिगड़ी तबीयत

Advertisement

आरोपी ने बताया कि दवा लेने के करीब डेढ़ घंटे बाद छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसे असहनीय दर्द होने लगा और अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, तभी वह सीढ़ियों पर अचेत होकर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी ने सुरक्षा गार्ड की मदद से उसे पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

मौत के बाद जौनपुर भाग गया आरोपी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि छात्रा की मौत के बाद आरोपी वहां से फरार होकर जौनपुर चला गया था। पूछताछ में उसने बताया कि दोनों पिछले करीब 18 महीनों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि करीब सात महीने पहले भी उसने छात्रा को गर्भपात की दवा दी थी। उसे लगा था कि इस बार भी पहले की तरह कोई गंभीर समस्या नहीं होगी, लेकिन मामला उल्टा पड़ गया।

विशेषज्ञों ने दी चेतावनी

आईएमएस बीएचयू की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ममता के अनुसार नौ सप्ताह से अधिक की गर्भावस्था में बिना चिकित्सकीय निगरानी के गर्भपात संबंधी दवाओं का सेवन बेहद खतरनाक हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी दवाएं केवल डॉक्टर की सलाह और निगरानी में ही ली जानी चाहिए, अन्यथा महिला की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।

Advertisement

कई पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस

पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्रा किन परिस्थितियों में हॉस्टल पहुंची थी। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page