Connect with us

गाजीपुर

आंधी-तूफान और बारिश से गर्मी से राहत, कई स्थानों पर हुआ नुकसान

Published

on

Loading...
Loading...

तेज हवाओं से पेड़ गिरे, बिजली व्यवस्था प्रभावित

भांवरकोल (गाजीपुर)। मंगलवार देर रात करीब 11 बजे तेज आंधी-तूफान और बारिश ने क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दिलाई। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया तथा तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। हालांकि तेज आंधी अपने साथ कई स्थानों पर नुकसान भी छोड़ गई।

पेड़ गिरने से बाधित रहा आवागमन

राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर फखनपुरा कंपोजिट विद्यालय के समीप तथा दहिनवर मार्ग समेत कई स्थानों पर पेड़ गिर जाने से यातायात प्रभावित हो गया। राजमार्ग पर आधी रात से लेकर सुबह तक वाहनों का संचालन एकल मार्ग से किया गया। कनुवान, कबीरपुर, अवथही सहित कई गांवों में नीम, आम और महुआ के पेड़ उखड़कर या टूटकर सड़क और खेतों में गिर गए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

Advertisement

मकानों और झोपड़ियों को भी पहुंचा नुकसान

तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर टीनशेड, करकट और झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। सुखडेहरी कला निवासी बब्बन पांडेय के मकान की छत पर बनी दीवार भी आंधी की चपेट में आकर गिर गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

बिजली आपूर्ति हुई ठप, मरम्मत कार्य जारी

आंधी का सबसे अधिक असर विद्युत व्यवस्था पर पड़ा। कई स्थानों पर बिजली के खंभे, तार और केबल टूटकर गिर गए, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार दोपहर तक कुंडेसर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े शेरपुर, बालापुर और भांवरकोल फीडरों की आपूर्ति बहाल कर दी गई थी, जबकि कुंडेसर और फखनपुरा फीडरों पर मरम्मत कार्य जारी रहा। विद्युत विभाग की टीमें फाल्ट खोजकर आपूर्ति सामान्य करने में जुटी रहीं।

किसानों और लोगों को राहत, नुकसान का आकलन शुरू करने की मांग

Advertisement

बारिश से किसानों और आम लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन आंधी से हुए नुकसान ने चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर क्षति का आकलन करने तथा नुकसान झेलने वाले परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page