गाजीपुर
धूल की समस्या को लेकर जलालाबाद चौराहे पर दुकानदारों का सांकेतिक धरना
एनएच-124डी निर्माण कार्य से उड़ रही धूल से व्यापार प्रभावित, नियमित पानी छिड़काव की मांग
समस्या का समाधान न होने पर चक्का जाम की चेतावनी
जलालाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग-124डी पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल से परेशान दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने मंगलवार को जलालाबाद चौराहे पर सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

दुकानदारों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार बना रहता है। इसका असर दुकानों में रखे खाद्य पदार्थों और अन्य सामानों पर पड़ रहा है, वहीं राहगीरों और स्थानीय लोगों को सांस लेने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने जताई नाराजगी
दुकानदार संतोष माली ने बताया कि धूल के कारण उनकी दुकान में रखा सामान खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। केवल आश्वासन दिए जाते हैं, जबकि नियमित पानी का छिड़काव नहीं कराया जाता।

वहीं ओमप्रकाश यादव ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य लगभग दो वर्षों से चल रहा है, लेकिन इसकी गति काफी धीमी है। धूल और अव्यवस्था के कारण स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है तथा दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा चक्का जाम
धरना दे रहे व्यापारियों और नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव शुरू नहीं कराया गया और धूल की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता चक्का जाम करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी अव्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार और सड़क निर्माण विभाग की होगी।
बड़ी संख्या में शामिल हुए व्यापारी और नागरिक
सांकेतिक धरना प्रदर्शन में पवन सिंह, बहादुर गुप्ता, डॉ. विन्ध्याचल कन्नौजिया, प्रकाश यादव, पप्पू प्रजापति, बृजेश गुप्ता, अनिल पांडेय, विकास मोदनवाल, सत्येन्द्र गोड़, सिकंदर कन्नौजिया, अरविंद कन्नौजिया, सोनू कन्नौजिया, बृजेश मद्धेशिया, ओमप्रकाश यादव, संतोष माली, विन्ध्याचल कन्नौजिया, नन्दू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में दुकानदार और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
