Connect with us

गोरखपुर

एकतरफा प्यार में युवक ने युवती के घर लगाई आग, आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग से नाराज युवक ने युवती के घर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घर के बाहर खड़ी स्कूटी भी फूंक दी गई, जबकि कपड़े समेत अन्य सामान जल गए। परिवार के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना के समय आरोपित अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा था।

युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि उसके दो फरार साथियों की तलाश जारी है।

घटना मंगलवार देर रात चिलुआताल थाना क्षेत्र की है। ओमप्रकाश नगर सिक्टौर, मानीराम निवासी रोहित साहनी की पड़ोस के गांव की एक युवती से बातचीत होती थी। इसी बीच युवती की शादी कहीं और तय हो गई, जिसके बाद उसने रोहित से बातचीत बंद कर दी। पुलिस के अनुसार इसी बात से नाराज होकर आरोपित ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।

युवती के भाई ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे रोहित अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और तीनों ने घर के बाहर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

आग की लपटों से बाहर खड़ी स्कूटी, कपड़े और अन्य सामान जलने लगे। धुआं और आग देखकर परिवार के लोग कमरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने में जुट गए। आरोप है कि आग लगाने के बाद भी आरोपित अपने साथियों के साथ वहीं खड़ा रहा और उनकी बहन को अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी देता रहा।

Advertisement

जब परिवार के लोगों ने आग पर काबू पा लिया और आरोपित को पकड़ने की कोशिश की तो वह अपने साथियों के साथ धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपित रोहित साहनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page