गोरखपुर
दो मंजिला मकान की दीवार गिरी, तीन बच्चे घायल
गोरखपुर। तेज आंधी के चलते दो मंजिला मकान की दीवार गिरने से तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना गुलरिहा थाना क्षेत्र के तरकुलहां गांव में सोमवार रात की है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नुरलैन खान ने बताया कि गांव निवासी हैदर अली अपने परिवार के साथ मकान की छत पर सो रहे थे। रात में तेज आंधी शुरू होने पर उन्होंने बच्चों को नीचे सीमेंट शीट वाले कमरे में बने बेड पर सुला दिया और खुद छत पर रखा सामान समेटने चले गए। इसी बीच पड़ोसी बुनियाद अली के दो मंजिला मकान के ऊपर बनी नौ इंच की दीवार तेज हवा के दबाव से अचानक भरभराकर गिर गई।
दीवार सीधे सीमेंट शीट पर गिर गई, जिससे नीचे सो रहे बच्चे उसकी चपेट में आ गए। हादसे में हैदर अली की बेटी आयत खान, पुत्र आतिक तथा उनके भाई अनवर का बेटा अयान गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलने पर पहुंचे लेखपाल अनुराग श्रीवास्तव ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। उन्होंने बताया कि सरकारी सहायता दिलाने के लिए रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।
