गाजीपुर
पॉक्सो एक्ट का वांछित अभियुक्त मुठभेड़ में घायल
गाजीपुर (जयदेश)। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत करण्डा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना करण्डा पुलिस टीम ने पॉक्सो एक्ट के वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक मय हमराह टीम द्वारा मैनपुर ताल के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना करण्डा पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 89/2026 धारा 65(2), 89 बीएनएस व 5(J)(ii)/6 पॉक्सो एक्ट में वांछित अभियुक्त मो. तस्लीम पुत्र स्व. शमीम निवासी ग्राम मैनपुर थाना करण्डा वहां मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभियुक्त को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए घायल अभियुक्त को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी करण्डा भेजा। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक देशी तमंचा 0.315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
बरामदगी के आधार पर थाना करण्डा में मुकदमा अपराध संख्या 91/2026 धारा 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक और अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
