गाजीपुर
यूपीआई फ्रॉड का शिकार हुआ युवक, साइबर सेल बहरियाबाद ने वापस कराई रकम
बहरियाबाद (गाजीपुर) जयदेश। जनपद गाजीपुर में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर सेल थाना बहरियाबाद को बड़ी सफलता मिली है। साइबर टीम के त्वरित प्रयास से यूपीआई फ्रॉड के शिकार व्यक्ति की 99,923.86 रुपये की धनराशि वापस कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बहरियाबाद क्षेत्र के ग्राम प्यारेपुर निवासी शिवशरन सिंह पुत्र जयशंकर सिंह के साथ यूपीआई के माध्यम से साइबर ठगी की घटना हुई थी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित द्वारा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही साइबर सेल बहरियाबाद सक्रिय हो गई और त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित धनराशि को होल्ड कराया गया।
पुलिस टीम द्वारा लगातार की गई कार्रवाई एवं न्यायालय के आदेश के क्रम में कुल 99,923.86 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक पीड़ित शिवशरन सिंह के स्टेट बैंक खाते में वापस कराई गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक उमेश चन्द्र यादव, कांस्टेबल अंकित कुशवाहा और अनुराग वर्मा शामिल रहें।
