Connect with us

गोरखपुर

प्रेम विवाह को लेकर घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम बनवारपार में प्रेम विवाह को लेकर एक परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज और तोड़फोड़ का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता रजनी देवी पत्नी राजाराम यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका प्रेम विवाह राजाराम यादव से हुआ था और उनके चार बच्चे हैं। आरोप है कि ससुराल पक्ष के कुछ लोग इस विवाह को लेकर अब भी नाराज रहते हैं और आए दिन विवाद करते रहते हैं।

तहरीर के मुताबिक 22 मई की रात करीब नौ बजे उनके पति राजाराम यादव अपने पिता से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव के रामसकल यादव ने प्रेम विवाह को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। विरोध करने पर आरोपितों ने राजाराम यादव की पिटाई कर दी।

पीड़िता का आरोप है कि करीब एक घंटे बाद राजमन यादव, प्रशांत यादव उर्फ गोलू, हर्षित यादव समेत अन्य लोग उनके घर पहुंचे और घर में घुसकर गेट व बल्ब तोड़ दिए। आरोपितों ने उनके पति सहित परिवार के अन्य सदस्यों की लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से पिटाई की। मारपीट में बच्चों को भी चोटें आई हैं। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

गोला पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 115(2), 191(2), 324(4), 333, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page