गोरखपुर
युवक की हाथ-पैर बांधकर हत्या, बोरे में शव भरकर नदी किनारे फेंका
गोरखपुर। एक युवक की हाथ-पैर बांधकर गला रेतकर हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरे में भरकर आमी नदी किनारे फेंक दिया गया। सोमवार सुबह भरसांड स्थित सेमरहवा बाबा मंदिर के पास शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची गीड़ा थाना पुलिस युवक की पहचान कराने और हत्यारों तक पहुंचने में जुट गई है।
सोमवार सुबह करीब सात बजे ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे तो बोरे में शव पड़ा देख दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खुलवाया तो अंदर युवक का शव मिला। उसके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और गले पर धारदार हथियार से रेते जाने के गहरे निशान पाए गए।
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष लग रही है। युवक ने काला टी-शर्ट और जींस पहन रखा था। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को नदी किनारे लाकर फेंका गया।
फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास के गांवों और थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है।
एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्या के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
