शिक्षा
BHU : एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक 27 को, 42 एजेंडों पर होगा मंथन
शिक्षकों के प्रदर्शन, मूल्यांकन प्रणाली और सेमेस्टर व्यवस्था पर लिए जा सकते हैं अहम निर्णय
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में 27 मई को एग्जीक्यूटिव काउंसिल (ईसी) की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में कुल 42 एजेंडों पर चर्चा प्रस्तावित है। इस दौरान डीएसीपी प्रमोशन सहित विश्वविद्यालय की नई शिक्षा व्यवस्था और सेमेस्टर प्रणाली को लेकर भी विचार-विमर्श होने की संभावना जताई जा रही है। बैठक में शिक्षकों के प्रदर्शन, मूल्यांकन प्रणाली और पाठ्यक्रम में किए गए बदलावों की भी समीक्षा की जाएगी।
परीक्षाओं में पूछे गए विवादित प्रश्नों पर भी होगी चर्चा
हाल के दिनों में परीक्षाओं में पूछे गए प्रश्नों और सिलेबस को लेकर उठे विवाद भी ईसी बैठक के एजेंडे में शामिल किए जा सकते हैं। इन मुद्दों को लेकर विश्वविद्यालय के शिक्षक संगठनों और छात्र समूहों ने आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके बाद अब एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक में इस विषय पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
कुलपति की अध्यक्षता में संपन्न होगी बैठक
बैठक की अध्यक्षता प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी करेंगे। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह, मेयर अशोक तिवारी, भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल सहित कई सदस्य शामिल रहेंगे।इसके अलावा समाजशास्त्र विभाग के प्रो. ओम प्रकाश भारतीय, प्रो. श्वेता प्रसाद, प्रो. बेचन लाल और रेडियोथेरेपी विभाग के प्रो. उदय कुमार शाही भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
