Connect with us

शिक्षा

बीएचयू के 55 स्पेशल कोर्स में एडमिशन शुरू

Published

on

Loading...
Loading...

भोजपुरी, ज्योतिष और वैदिक साइंस… बीएचयू के अनोखे कोर्स ने खींचा ध्यान

वाराणसी। बीएचयू (BHU) में शुरू किए गए 55 स्पेशल कोर्स में से करीब 20 कोर्स आध्यात्म और आयुर्वेद से संबंधित हैं। इनमें धर्म, कर्मकांड, योग, प्रसव विज्ञान, मैटर्नल हेल्थ केयर और वैदिक गणित जैसे सर्टिफिकेट व डिप्लोमा कोर्स शामिल किए गए हैं। सबसे सस्ते कोर्स की फीस 1200 रुपये, जबकि सबसे महंगे कोर्स की वार्षिक फीस तीन लाख रुपये निर्धारित की गई है। कई ऐसे कोर्स भी हैं, जिनमें एक छात्र के दाखिले पर भी कक्षाएं संचालित की जाएंगी। हालांकि इन कोर्स में बीएचयू के बाहर के छात्रों को प्रवेश नहीं मिलेगा।

कर्मकांड में एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स की फीस 8000 रुपये रखी गई है। इसमें 32 सीटें निर्धारित हैं, लेकिन 10 अभ्यर्थियों के प्रवेश लेने पर भी कोर्स संचालित होगा। इसके अलावा आध्यात्म के तहत वैदिक साइंस, वैदिक गणित, वैदिक न्यायशास्त्र, ज्योतिष-वास्तु शास्त्र और पाणिनी व्याकरण जैसे विषयों में एक वर्षीय तथा योग शिक्षा में दो वर्षीय डिप्लोमा कोर्स चलाए जाएंगे। इन सभी कोर्स की सालाना फीस 10 हजार रुपये तय की गई है।

भोजपुरी प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेट सबसे सस्ता कोर्स है। चार महीने की अवधि वाले इस कोर्स की फीस 1200 रुपये रखी गई है। इसके लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है।

यह कोर्स कला संकाय के भोजपुरी अध्ययन केंद्र की ओर से संचालित किया जाएगा। इसमें 37 सीटें निर्धारित हैं, लेकिन पांच छात्रों के प्रवेश लेने पर भी कोर्स चलाया जाएगा। वहीं, सबसे महंगा कोर्स एनेस्थिसियोलॉजी में दो वर्षीय पीजी डिप्लोमा है। इसकी वार्षिक फीस तीन लाख रुपये तय की गई है। इस कोर्स के लिए बीएएमएस या समकक्ष डिग्री योग्यता निर्धारित की गई है। इसमें 22 से 45 वर्ष तक के अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।

Advertisement

प्रवेश एआईएपीजीईटी (AIAPGET) यानी अखिल भारतीय स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा-2025 की योग्यता के आधार पर होगा। यह कोर्स आयुर्वेद संकाय में संचालित किया जाएगा। इसमें दो सीटें निर्धारित हैं और एक छात्र के प्रवेश लेने पर भी कोर्स जारी रहेगा।

प्रसव विज्ञान में एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स में कुल सात सीटें हैं, लेकिन तीन छात्रों के दाखिले पर भी कक्षाएं संचालित होंगी। इसी तरह मैटर्नल हेल्थ केयर में दो वर्षीय ग्रेजुएट डिप्लोमा कोर्स भी सात सीटों पर संचालित होगा। दोनों कोर्स की सालाना फीस 80,000 रुपये रखी गई है।

डेटा से जुड़े स्टैटिस्टिक्स एंड कंप्यूटिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स की काफी मांग है। इसमें 77 सीटें निर्धारित हैं, लेकिन 10 सीटें भरने पर भी कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। इसकी सालाना फीस 10 हजार रुपये तय की गई है।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page