वाराणसी
मानसून से पहले साफ होंगे सभी नाले और सीवर, नगर निगम अलर्ट मोड में
कागजों पर सफाई दिखाने वालों पर सख्ती, महापौर करेंगे स्थलीय निरीक्षण
वाराणसी। शहर में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। सभी छोटे-बड़े नालों, सीवर लाइनों और गली पिटों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने नाला सफाई और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के दौरान महापौर ने कार्यों में पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने छोटे नालों की सफाई और गली पिटों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। साथ ही सीवर जाम की समस्या के समाधान के लिए सुपर सकर मशीनों के उपयोग पर जोर दिया। अधिकारियों को प्रतिदिन नाला और गली पिट सफाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
महापौर ने अब तक साफ किए जा चुके नालों की विस्तृत सूची भी मांगी है। उन्होंने कहा कि सोमवार से वह स्वयं सुबह 7:30 बजे शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर नाला सफाई कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। कागजों पर सफाई दिखाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में नाला सफाई के अलावा शहर में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। महापौर ने निर्देश दिया कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को 15 दिन का विशेष अभियान चलाकर सभी गली पिटों की सफाई और मरम्मत का कार्य तेजी से पूरा करने का अल्टीमेटम दिया। बैठक में जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, ओपी सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. सुरेंद्र कुमार चौधरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
