Connect with us

गोरखपुर

शादी के पांच महीने बाद गर्भवती पत्नी की हत्या कर पति ने दी जान

Published

on

Loading...
Loading...

बचपन में तय हुआ था रिश्ता, मोबाइल पर बढ़ा प्यार

गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर जिले में 25 वर्षीय शादाब और उसकी 24 वर्षीय गर्भवती पत्नी निकहत निशा की बंद कमरे में लाश मिलने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआती तौर पर इसे पारिवारिक विवाद के चलते सामूहिक आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन बुधवार देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि शादाब ने पहले अपनी पत्नी निकहत की हत्या की और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बेलघाट क्षेत्र के मुकारीपुर गांव की है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार 11 मई की रात शादाब ने पहले निकहत को जहर दिया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने कमरे में पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से रहन-सहन, पहनावे और बेरोजगारी को लेकर विवाद चल रहा था।

बचपन में तय हुआ था रिश्ता, मोबाइल पर बढ़ा प्यार

शादाब और निकहत रिश्ते में फुफेरे भाई-बहन थे। निकहत, शादाब की बुआ की बेटी थी और बचपन में ही दोनों का रिश्ता तय कर दिया गया था। बड़े होने पर मोबाइल पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। निकहत अपने परिवार के साथ मुंबई में रहती थी, जबकि शादाब गोरखपुर के गांव में रहता था। परिवार की सहमति से दोनों का निकाह 7 नवंबर 2025 को धूमधाम से हुआ था। शादी के बाद निकहत मुंबई छोड़कर गोरखपुर स्थित ससुराल आ गई थी।

Advertisement

मुंबई के माहौल और गांव की सोच के बीच बढ़ा तनाव

निकहत मुंबई के खुले माहौल में पली-बढ़ी थी और इंटरमीडिएट तक पढ़ी थी, जबकि शादाब हाईस्कूल पास था और पारंपरिक सोच रखता था। घर में निकहत का लोवर और टी-शर्ट पहनना शादाब को पसंद नहीं था। वह अक्सर बिरादरी और परंपरा का हवाला देकर उसे पारंपरिक कपड़े पहनने की नसीहत देता था। दूसरी ओर निकहत को शादाब की रूढ़िवादी सोच पसंद नहीं थी। कपड़ों को लेकर टोकाटाकी होने पर वह शादाब को पुराने विचारों वाला कहती थी और खुद को ऐसी सोच में न बांधने की बात करती थी।

बेरोजगारी को लेकर भी होता था विवाद

शादाब के पिता दुबई में रहते थे, लेकिन शादाब कोई काम नहीं करता था और घर पर ही रहता था। वहीं, निकहत के पिता मुंबई में पेंट पॉलिश का कारोबार करते थे। आर्थिक रूप से स्वतंत्र माहौल में पली निकहत अक्सर शादाब पर काम करने का दबाव बनाती थी और बेरोजगार होने को लेकर ताने देती थी। पुलिस को जांच के दौरान दोनों के मोबाइल फोन से मिले संदेशों में आपसी तनाव और रिश्तों में बढ़ती कड़वाहट के संकेत मिले हैं।

मोबाइल चैट में सामने आई रिश्तों की दरार

Advertisement

पुलिस जांच में मिले मोबाइल चैट से पता चला कि निकहत ने शादाब को संदेश भेजकर कहा था कि वह उसे कहीं घुमाने नहीं ले जाता और न ही उसके लिए खरीदारी करता है। उसने लिखा था कि वह घर में बंद रहकर जिंदगी नहीं बिताना चाहती। इसके जवाब में शादाब ने लिखा था कि उनकी बिरादरी की लड़कियां इस तरह के कपड़े नहीं पहनतीं और साथ रहना है तो घर में लोवर-टीशर्ट पहनना छोड़ना होगा। सोमवार की शाम दोनों उदास थे और खाना खाने के बाद कमरे में सोने चले गए, जिसके बाद यह घटना हो गई।

खिड़की से देखा तो सामने था दर्दनाक मंजर

मंगलवार सुबह देर तक कमरा नहीं खुलने पर शादाब की बहन सुमैया ने आवाज लगाई। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने खिड़की से झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। कमरे में शादाब पंखे से लटका हुआ था, जबकि निकहत बेड पर पड़ी थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और फिर खुद आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच तनाव काफी बढ़ चुका था।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page