गोरखपुर
इंस्टाग्राम पर जातीय वैमनस्य फैलाने के आरोप में आठ गिरफ्तार, दो वाहन सीज
गोरखपुर। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जातीय संघर्ष और वैमनस्यता फैलाने के आरोप में कैण्ट पुलिस ने आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक काले रंग की थार और एक सफेद फॉर्च्यूनर बरामद कर दोनों वाहनों का 207 एमवी एक्ट के तहत चालान किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, सहायक पुलिस आयुक्त/क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कैण्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना कैण्ट पर पंजीकृत मु0अ0सं0 222/2026 धारा 352, 196, 351(3) भा0न्या0सं0 से संबंधित अभियुक्त अनुराग अग्रहरी, अन्नी कनौजिया, अमन यादव, साहिल निषाद, राहुल राज, सक्षम राव, अमित यादव तथा प्रभास यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार 02 दिसंबर 2025 को वादी अपने परिवार के साथ शादी समारोह से लौट रहा था। आरोप है कि अभियुक्त शनि उर्फ अन्नी कन्नौजिया, पीयूष कन्नौजिया, अर्जुन कन्नौजिया, अनुराग अग्रहरी, सैफ तथा अमन यादव उर्फ मक्कू यादव ने एकराय होकर जान से मारने की नीयत से वादी को गोली मार दी थी। इस मामले में थाना कैण्ट पर मु0अ0सं0 671/2025 धारा 191(2), 191(3), 190, 127(2), 109 भा0न्या0सं0 के तहत मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
बताया गया कि अभियुक्त अमन यादव उर्फ मक्कू यादव 06 मई 2026 को जेल से रिहा होने के बाद 07 मई 2026 को अपने साथियों और वाहनों के साथ वादी पर मुकदमे में सुलह का दबाव बनाने पहुंचा तथा धमकी दी। इसी दौरान सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी पोस्ट किया गया, जिसमें शांति व्यवस्था भंग करने और जातीय संघर्ष भड़काने वाली बातें कही गई थीं। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कैण्ट पर मु0अ0सं0 0222/2026 धारा 352, 196, 351(3) भा0न्या0सं0 पंजीकृत किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अन्नी कनौजिया पुत्र अमरलाल कनौजिया निवासी कूड़ाघाट थाना एम्स जनपद गोरखपुर, अमन यादव पुत्र शिवनाथ यादव निवासी कूड़ाघाट थाना एम्स जनपद गोरखपुर, साहिल निषाद पुत्र संतोष निषाद निवासी कूड़ाघाट थाना एम्स गोरखपुर, राहुल राज पुत्र स्व0 सुनील कुमार निवासी हटवा भटनी पोस्ट भटनी थाना भटनी देवरिया, सक्षम राव पुत्र तेज प्रताप राव निवासी आवास विकास कॉलोनी कूड़ाघाट थाना एम्स गोरखपुर, अमित यादव पुत्र उदयभान यादव निवासी सोनारी गली कूड़ाघाट थाना एम्स गोरखपुर, प्रभास यादव पुत्र चंद्रभान यादव निवासी गोपलापुर थाना झगहा गोरखपुर तथा अनुराग अग्रहरी पुत्र संजय अग्रहरी निवासी सोनारी गली कूड़ाघाट थाना एम्स गोरखपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त अनुराग अग्रहरी के विरुद्ध थाना कैण्ट में पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ0नि0 सुनील यादव, उ0नि0 नीरज शाह, कां0 सुनील कुमार यादव, कां0 दिनेश यादव, कां0 राजू यादव, रि0आ0 अरशद रजा, रि0आ0 अखिलेश यादव तथा रि0आ0 अभिषेक सिंह थाना कैण्ट गोरखपुर शामिल रहे।
