गोरखपुर
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में खजनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत पुलिस ने सोमवार को आरोपी को दबोचकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की तहरीर पर खजनी थाने में मुकदमा संख्या 138/2026 दर्ज किया गया था। आरोप था कि आरोपी युवक ने युवती को शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी की बात कही तो आरोपी मुकर गया और उसे धमकी देने लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2), 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5एल/6 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सरया तिवारी अंडरपास के पास मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी सोमवार सुबह करीब 8:25 बजे की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विवेक यादव पुत्र स्वर्गीय जुगुल किशोर यादव निवासी बेलडाड़, थाना खजनी, जनपद गोरखपुर बताया। उसकी उम्र करीब 19 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी मारपीट और धमकी देने जैसे मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
