गोरखपुर
महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान के लिए शक्ति सेतु फाउंडेशन का विशेष कार्यक्रम आयोजित
मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर शक्ति सेतु वेलफेयर फाउंडेशन का सराहनीय प्रयास
गोरखपुर। मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर शक्ति सेतु वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा गोरखपुर के पिपरोली ब्लॉक में महिलाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था की प्रबंधक एडवोकेट पूजा गुप्ता ने किया, जिसमें 400 से अधिक महिलाओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाते हुए निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल सैनिटरी पैड वितरण तक सीमित नहीं था, बल्कि महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक कर उनके स्वास्थ्य को सुरक्षित एवं सशक्त बनाना भी था। इस अवसर पर महिलाओं को स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा नियमित देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
संस्था की प्रबंधक एडवोकेट पूजा गुप्ता ने कहा कि हर महिला का स्वस्थ और जागरूक होना समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि शक्ति सेतु वेलफेयर फाउंडेशन लगातार महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम में संस्था के सम्मानित सदस्य गोविन्द मिश्रा सहित स्थानीय निवासी अरुणा सिंह, सोनी देवी, पूजा गोंड एवं जामवंती देवी की विशेष उपस्थिति रही। संस्था ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाली सभी मातृशक्ति एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
संस्था ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान को लेकर सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। “हर महिला स्वस्थ और सशक्त हो” यही संस्था का मूल उद्देश्य है।
