दुर्घटना
तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा घायल
वाराणसी। जिले के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के लालपुर स्थित देवा महाविद्यालय स्कूल के सामने शनिवार तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। सूत्रों के अनुसार हादसे में बाइक पर पीछे बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक चोलापुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। घायल युवक के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने 112 नंबर पर सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे थाना क्षेत्र के फैंटम दस्ता 53 के दोनों पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार शुरू कर दिया गया। घटना के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि देवा महाविद्यालय के आसपास कई सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। ऐसे में जांच के बाद सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे ट्रैक्टर और उसके चालक तक पुलिस जल्द पहुंच सकती है।
