Connect with us

वायरल

सरयू में स्नान के दौरान बस्ती के तीन युवक लापता, रेस्क्यू जारी

Published

on

Loading...
Loading...

अयोध्या/बस्ती। धर्मनगरी अयोध्या में गुरुवार सुबह सरयू नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बस्ती जिले से दर्शन-पूजन के लिए आए पांच दोस्तों में से तीन युवक गहरे पानी में चले गए और लापता हो गए। घटना सुबह करीब 6:55 बजे की बताई गई है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार निवासी पांच युवक गुरुवार तड़के अयोध्या पहुंचे थे। सुबह लगभग 6:55 बजे सभी दोस्त सरयू नदी के घाट पर स्नान कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान अचानक तीन युवकों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में चले गए। इसके बाद वे तेज धारा की चपेट में आ गए।

बाकी दो दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास करते हुए शोर मचाया, लेकिन कुछ ही देर में तीनों युवक लहरों के बीच ओझल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम को तत्काल मौके पर लगाया गया। फिलहाल बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक लापता युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

घटना की सूचना जैसे ही पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। लापता युवकों अभिषेक गुप्ता, अमित और राज गुप्ता के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन और मोहल्ले के लोग तत्काल अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। स्थानीय पुलिस बस्ती प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर युवकों की पहचान और अन्य विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Advertisement

सीओ सिटी बस्ती सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने बताया कि सुबह सूचना मिलते ही गोताखोरों को रेस्क्यू अभियान में लगा दिया गया। उन्होंने कहा कि पानी का बहाव तेज होने के कारण तलाश अभियान में दिक्कतें आ रही हैं, हालांकि टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page