गोरखपुर
शिक्षामित्रों के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित
गोरखपुर। बाबा गंभीर नाथ सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जो प्रदेश के लाखों शिक्षामित्रों के लिए गर्व का क्षण बन गया। इस खास मौके पर राज्य के लगभग 1,43,000 शिक्षामित्रों को बड़ी सौगात मिली है। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालयों में सेवाएं दे रहे शिक्षामित्रों का मासिक मानदेय 10,000 से बढ़ाकर 18,000 कर दिया गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं उपस्थित होकर शिक्षामित्रों को सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षामित्र प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था की मजबूत नींव हैं और उनके परिश्रम व समर्पण से ही प्राथमिक शिक्षा को नई दिशा मिल रही है। इस फैसले से न सिर्फ शिक्षामित्रों के जीवन स्तर में सुधार आएगा, बल्कि उनकी मेहनत और सेवाओं को भी उचित पहचान मिलेगी। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षामित्रों ने सरकार के इस फैसले पर खुशी जताई और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
