Connect with us

वाराणसी

सीएम दौरे से पहले वाराणसी पुलिस अलर्ट, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने दी सख्त ब्रीफिंग

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन/भ्रमण कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की तैयारी के तहत पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कैम्प कार्यालय पर समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग की। इस दौरान उन्होंने वीवीआईपी मूवमेंट के समय निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए पूर्व निर्धारित रूट डायवर्जन योजना को प्रभावी रूप से लागू रखने और कार्यक्रम के पश्चात भी जाम की स्थिति न बनने देने हेतु सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश केवल सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग के बाद ही दिया जाए और वीवीआईपी मार्ग पर प्रत्येक व्यक्ति एवं गतिविधि पर समान रूप से कड़ी निगरानी रखी जाए। ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति पूर्व से ही स्पष्ट रूप से अवगत कराने, स्थल के निकट अस्थायी पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने तथा वीवीआईपी मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन खड़े न होने देने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस आयुक्त ने नव नियुक्त आरक्षियों को वीवीआईपी ड्यूटी में अनुभवी एवं वरिष्ठ कर्मचारियों के साथ तैनात करने और उनकी पूर्व ब्रीफिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने सुरक्षा के प्रत्येक पहलू को गंभीरता से लेते हुए पूर्व घटनाओं का विश्लेषण कर संभावित जोखिमों का आकलन करने तथा हर परिस्थिति में उच्च स्तरीय सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। भीड़ एवं यातायात पर सतत निगरानी रखते हुए किसी भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने से पूर्व ही प्रभावी नियंत्रणात्मक कदम उठाने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।

ब्रीफिंग के दौरान भीड़ नियंत्रण में “नो टच पॉलिसी” के कड़ाई से अनुपालन, महिला संबंधित व्यवस्थाओं को केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा संपादित कराने तथा ड्यूटी के दौरान रस्सों, लाउड हेलर और पीए सिस्टम के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया। साथ ही वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल एवं मार्ग को “नो फ्लाई जोन” घोषित करते हुए ड्रोन सहित सभी उड़ने वाली वस्तुओं के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में रूफटॉप ड्यूटी और कंट्रोल रूम के माध्यम से सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से सतत निगरानी रखने को कहा। सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से ड्यूटी प्वाइंट पर उपस्थित रहने, अच्छे टर्न-आउट में रहने, साथी पुलिसकर्मियों की पहचान सुनिश्चित करने तथा ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही आम जनमानस के साथ विनम्र, शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि पुलिस की सकारात्मक एवं विश्वसनीय छवि सुदृढ़ हो सके।

Advertisement

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा, एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही गूगल मीट के माध्यम से सभी थाना प्रभारी भी ऑनलाइन रूप से जुड़े।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page