वाराणसी
पत्नी की डिलीवरी से पहले युवक की हादसे में मौत
दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत, परिवार में कोहराम
वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी गांव के सामने बाईपास सर्विस रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की जान चली गई। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, खुरमावाद थाना चिनारी, जिला रोहतास (बिहार) निवासी आलोक श्रीवास्तव (27) अखरी बाईपास से डाफी की ओर जा रहे थे। वहीं, अखरी निवासी राहुल उर्फ काजू पटेल (25) अपनी पत्नी किरन देवी को डिलीवरी के लिए अस्पताल में भर्ती कराने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान अखरी गांव के सामने सर्विस लेन पर तेज रफ्तार में आ रही दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
