वाराणसी
मनीष हत्याकांड : पीड़ित परिवार को जनप्रतिनिधियों ने सौंपी सहायता राशि
मनीष हत्याकांड पर सियासी हलचल तेज, नेताओं ने न्याय की उठाई मांग
वाराणसी। चर्चित युवा उद्यमी मनीष सिंह हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। फरार चल रहे पांच इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए फूलपुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की चार टीमें सक्रिय हैं। पुलिस को इन आरोपियों की लोकेशन जौनपुर और गाजीपुर समेत आसपास के जिलों में मिलने के बाद वहां दबिश दी जा रही है। साथ ही गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
मामले में एसओजी टीम पर हमले से जुड़े करीब 60 अज्ञात आरोपियों की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उधर, मुख्यमंत्री के निर्देश पर घमहापुर गांव पहुंचकर जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मृतक की दादी सावित्री देवी को 10 लाख रुपये का चेक सौंपा।
एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा के अनुसार सहायता राशि पीड़िता के खाते में स्थानांतरित कर दी गई है। इस दौरान एडीएम वित्त, डीसीपी गोमती नीतू कात्यायन और तहसीलदार कुलवंत सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार घमहापुर निवासी आशीष राजभर, मनीष राजभर, दीपक राजभर, गोविंद राजभर और नागेंद्र राजभर इस मामले में नामजद हैं, जबकि अन्य अज्ञात आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। डीसीपी गोमती जोन ने सभी नामजद आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
घटना के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। विभिन्न दलों के नेताओं का गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलने का सिलसिला जारी है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक अजय राय ने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्बू और एमएलसी विनीत सिंह ने भी परिवार को सांत्वना दी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अजय राय ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। वहीं बनारस बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष व भाजपा विधि प्रकोष्ठ काशी क्षेत्र के अध्यक्ष शशांक शेखर त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
