वाराणसी
घरेलू विवाद में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या, आरोपी फरार
वाराणसी। लक्सा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद इलाके में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना बीते बुधवार रात की है। हत्या के बाद आरोपी पति खुद पुलिस को सूचना देकर फरार हो गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।मृतका की पहचान पूनम शर्मा के रूप में हुई है, जो जंगमबाड़ी स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थीं। पहले पति की मृत्यु के बाद उन्होंने लक्सा निवासी मनोज शर्मा से विवाह किया था।
दोनों औरंगाबाद निवासी राजू के मकान की पहली मंजिल पर किराये पर रह रहे थे।बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। बुधवार रात भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर मनोज शर्मा ने पूनम का गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना के बाद आरोपी पूरी रात शव के साथ घर में ही रहा। सुबह उसने लक्सा पुलिस को हत्या की सूचना दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
