Connect with us

गाजीपुर

गौ सम्मान अभियान: उप जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को सौंपा गया आठ सूत्रीय ज्ञापन

Published

on

Loading...
Loading...

केंद्रीय गो संरक्षण कानून और मंत्रालय गठन की मांग तेज

सैदपुर (गाजीपुर) जयदेश। राष्ट्रव्यापी गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत तहसील सैदपुर में गौ भक्तों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री को आठ सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। करंडा थाना क्षेत्र में हुई घटना के बाद जनपद गाजीपुर में लागू धारा 163 के अनुपालन में प्रस्तावित गौ सम्मान यात्रा नहीं निकाली गई और केवल पांच लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी सुश्री ज्योति चौरसिया को ज्ञापन दिया।

ज्ञापन में केंद्र सरकार से संविधान के अनुच्छेद 48 के आलोक में आवश्यक संशोधन कर ‘केंद्रीय गो सेवा एवं संरक्षण अधिनियम’ लागू करने, सभी वधशालाओं के लाइसेंस निरस्त करने, कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा इसके क्रियान्वयन के लिए स्वतंत्र केंद्रीय गो सेवा मंत्रालय और स्पेशल टास्क फोर्स के गठन की मांग की गई। साथ ही देशी गोवंश को “राष्ट्रमाता” या “राष्ट्र आराध्या” के रूप में संवैधानिक मान्यता देकर विशेष राष्ट्रीय संरक्षण प्रदान करने की बात कही गई।

इसमें गो तस्करी और गो वध को संज्ञेय व गैर-जमानती अपराध घोषित करते हुए दोषियों को आजीवन कारावास और उनकी संपत्ति कुर्क करने का प्रावधान करने की मांग भी शामिल रही। आर्थिक आत्मनिर्भरता के तहत पंचगव्य आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने, इन्हें जैविक कृषि, कीटनाशक और औषधि के रूप में सरकारी खरीद से जोड़ने तथा स्कूलों के मिड-डे मील और मंदिरों के प्रसाद में देशी गो-घृत व दुग्ध के अनिवार्य उपयोग का प्रस्ताव रखा गया।

ज्ञापन में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर नंदीशाला और जिला स्तर पर कम से कम एक आदर्श गो अभ्यारण्य या वृहद गोशाला स्थापित कर निराश्रित गोवंश के लिए आश्रय की व्यवस्था करने, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर निर्धारित दूरी पर गो-वाहिनी एम्बुलेंस और ट्रॉमा सेंटर स्थापित कर दुर्घटनाग्रस्त गोवंश के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने तथा स्कूली पाठ्यक्रम में ‘गो-विज्ञान’ को शामिल करने की मांग भी की गई। इसके अतिरिक्त सुदृढ़ चारा सुरक्षा कानून बनाकर चारे के औद्योगिक उपयोग पर प्रतिबंध लगाने, अवैध भंडारण व मूल्य वृद्धि पर नियंत्रण करने और गोचर, ओरण व वन भूमियों को अतिक्रमण मुक्त कर ‘गोचर विकास बोर्ड’ के अधीन सुरक्षित करने का मुद्दा भी उठाया गया।

Advertisement

इस दौरान पशुप्रेमी रमेश यादव, पुनीत बरनवाल, सुजीत सिंह, किशन कश्यप, हिमांशु कश्यप, भोला गुप्ता, मनीष यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं अभियान के समर्थन में कुछ गौ भक्तों ने सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन में सहयोग भी दिया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page