वाराणसी
दिव्यांग महिला ने सल्फास खाकर दी जान, संतान न होने से तनाव की आशंका
वाराणसी। जनपद के मिर्जामुराद क्षेत्र के भोजपुर गांव (रूपापुर) में पारिवारिक विवाद के बीच 40 वर्षीय दिव्यांग महिला ने शुक्रवार दोपहर सल्फास खाकर अपनी जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, जहां आवश्यक जांच-पड़ताल की गई। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र के अभिया गांव निवासी नीतू तिवारी के रूप में हुई है, जो पैर से दिव्यांग थीं। उनकी शादी करीब 15 वर्ष पूर्व मिर्जामुराद के भोजपुर गांव निवासी दिव्यांग धनंजय तिवारी से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी।
शुक्रवार सुबह पति ऑटो चलाने के लिए घर से निकल गया था और ससुर खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान नीतू ने घर में रखे सल्फास (पाउडर) को पानी में घोलकर पी लिया। हालत बिगड़ने पर वह उल्टी करते हुए जमीन पर गिर पड़ीं। दोपहर में जब ससुर हरिशंकर तिवारी खेत से लौटे तो बहू की हालत देख पूछताछ की, जिस पर उसने सल्फास खाने की बात बताई।
सूचना मिलने पर पति भी घर पहुंचा और उसे अस्पताल ले जाने लगा, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। ससुर हरिशंकर तिवारी के अनुसार परिवार में किसी प्रकार का विवाद नहीं था। उन्होंने बताया कि गैस सिलिंडर तीन दिन से खत्म था, जिसके चलते शाम को सभी मिलकर बाटी-चोखा बना रहे थे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इस संबंध में मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त पदार्थ खाने से मौत का प्रतीत हो रहा है। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
