गाजीपुर
श्री बेनी सिंह इंटर कॉलेज के छात्र प्रिंस चौहान ने 96% अंक हासिल कर बढ़ाया मान
गाजीपुर। श्री बेनी सिंह इंटर कॉलेज लच्छीपुर दौलतपुर के छात्र प्रिंस चौहान ने यूपी बोर्ड हाई स्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि से न केवल कॉलेज बल्कि उनके गांव और परिवार का भी नाम रोशन हुआ है।
प्रिंस चौहान ने हाई स्कूल परीक्षा में 600 में से 576 अंक प्राप्त कर 96.00 प्रतिशत अंक हासिल किए। उनके पिता ईश्वर चौहान ने पुत्र की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गौरव का क्षण है।
हीरानंदपुर, पोस्ट माहपुर निवासी प्रिंस की सफलता पर विद्यालय में खुशी का माहौल रहा। श्री बेनी सिंह इंटर कॉलेज लच्छीपुर दौलतपुर गाजीपुर के अध्यापकों ने छात्र को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। कॉलेज के संरक्षक अमित सिंह पिंकू ने प्रिंस को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा इस उपलब्धि के लिए शिक्षकों की मेहनत की सराहना की।
