वाराणसी
बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों की चोरी
वाराणसी। लालपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर चौकी अंतर्गत बजरंग नगर कॉलोनी में बीते गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर नगदी सहित सोने के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने लगभग 25 से 30 लाख रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में इतनी बड़ी चोरी की घटना से लोगों में दहशत व्याप्त है।
बताते चले कि चंदौली नगर निवासी प्रशांत कुमार चौरसिया अपने परिवार के साथ लालपुर थाना क्षेत्र के पांडेयपुर के बजरंग नगर कॉलोनी में किराए के मकान में निवास करते हैं। विगत बुधवार की रात्रि अपने परिवार के साथ चंदौली स्थित पैतृक आवास पर अपने पुत्र के मुंडन हेतु आए हुए थे। गुरुवार की रात्रि में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर लगभग 25 लाख से 30 लाख रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। शुक्रवार की रात्रि प्रशांत चौरसिया अपने परिवार के साथ जब घर पहुंचे तो घर के में दरवाजा का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर पहुंचने पर सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था।
पीड़ित प्रशांत चौरसिया ने तत्काल इसकी सूचना पांडेयपुर चौकी प्रभारी को दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी जांच पड़ताल कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गए। पीड़ित प्रशांत चौरसिया ने बताया कि चोरों ने सोने चांदी के आभूषण सहित नगदी पर हाथ साफ कर दिया है। जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 25 लाख रुपए हैं। चौकी प्रभारी ने आश्वासन दिया कि घटना की जांच कर चोरी की घटना खुलासा किया जाएगा। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में इतनी बड़ी घटना होने से आसपास के लोगों में दहशत व्याप्त है। कॉलोनी के लोगों ने चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग जिला प्रशासन से की है।
