गोरखपुर
कैंसर रोधी टीकाकरण अभियान की शुरुआत, सीएचसी गोला में मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध
गोलाबाजार (गोरखपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला में कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान प्रारंभ कर दिया गया है। इस अभियान के तहत प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को बालिकाओं को गर्भाशय एवं गर्भाशय मुख कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने वाली वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जा रही है।
सीएचसी गोला के अधीक्षक डॉ. ए. एन. ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस टीकाकरण के लिए 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष तक की बालिकाएं पात्र हैं। उन्हें यह वैक्सीन बाएं हाथ की बांह के मांसपेशी में दी जाती है। उन्होंने बताया कि यह एकल डोज वाली वैक्सीन है, जिसे स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक लगाया जा रहा है।
डॉ. ठाकुर ने सभी वर्गों के अभिभावकों और पात्र आयु वर्ग की बालिकाओं से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण से बचाव के लिए इस महत्वपूर्ण टीकाकरण का लाभ उठाएं।
