पूर्वांचल
लापरवाही पड़ी भारी, एसडीएम ने स्कूल किया सील
150 बच्चों का दूसरे स्कूलों में होगा दाखिला
कुशीनगर। मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद तमकुहीराज की एसडीएम आकांक्षा मिश्रा ने दुदही कस्बे के समीप सुकुलही गांव स्थित सुदामा जी स्मार्ट पब्लिक स्कूल का निरीक्षण किया, जहां की स्थिति देखकर वे हैरान रह गईं। जांच के दौरान विद्यालय में खिड़की और दरवाजों में फाटक नहीं पाए गए, साथ ही सुरक्षा से जुड़े आवश्यक इंतजाम भी नदारद मिले। कई स्थानों पर फर्श टूटा हुआ था, जिसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से स्कूल को सील करने की कार्रवाई की।
बताया जाता है कि विद्यालय के खिलाफ हाल ही में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके संज्ञान में आने पर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एसडीएम आकांक्षा मिश्रा खंड शिक्षा अधिकारी रीता गुप्ता के साथ मौके पर पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान अधिकांश कक्ष बिना दरवाजों के मिले और खिड़कियों में भी फाटक नहीं लगे थे। अग्निशमन यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी। इन खामियों पर जब विद्यालय संचालक से जवाब मांगा गया तो वे संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके।
खंड शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि विद्यालय में करीब डेढ़ सौ छात्र नामांकित हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें आसपास के परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाने की व्यवस्था की जा रही है। इस संबंध में संबंधित प्रधानाध्यापकों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
