Connect with us

गोरखपुर

सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा में सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल का शानदार प्रदर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

94.6% अंक के साथ विनायक मिश्रा बने स्कूल टॉपर

दसवीं पास सभी छात्रों को मिलेगा नि:शुल्क टैबलेट, 24 अप्रैल से शुरू होंगी नई कक्षाएं

संतकबीरनगर। सीबीएसई बोर्ड द्वारा हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम घोषित होते ही जनपद के प्रतिष्ठित सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद की ‘टॉप टेन’ रैंकिंग में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और विद्यालय का नाम रोशन किया।

परीक्षा परिणाम में विद्यालय के छात्र विनायक मिश्रा ने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं छात्रा रितिका ने 94.4 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान और स्वाति चौरसिया ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा आंचल सिंह, अंशिका चौधरी और अंश कुमार ने भी उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

Advertisement

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, प्रबंध निदेशिका सविता चतुर्वेदी और प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने मेधावी छात्र-छात्राओं को फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशिका सविता चतुर्वेदी ने कहा कि छात्रों ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह सिद्ध कर दिया है कि वे किसी भी चुनौती को पार करने की क्षमता रखते हैं। वहीं प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विद्यालय के छात्रों ने शानदार परिणाम दिया है। उन्होंने घोषणा की कि हाईस्कूल में सफल सभी छात्र-छात्राओं के लिए 24 अप्रैल से नई कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। साथ ही विद्यालय की परंपरा को निभाते हुए दसवीं पास सभी छात्र-छात्राओं को निशुल्क टैबलेट भी वितरित किए जाएंगे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page