वाराणसी
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग ने मचाई तबाही, दमकल ने पाया काबू
वाराणसी। राजातालाब क्षेत्र में गुरुवार दोपहर कपड़े के एक गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि पास स्थित कोकाकोला का गोदाम भी इसकी चपेट में आ गया, जहां रखी बड़ी मात्रा में कोल्डड्रिंक भी जलकर राख हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के दौरान गोदाम के भीतर करीब 15 लोग फंसे हुए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और दमकल टीम की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
गोदाम के मालिक रूप चंद्र कटरा बताए गए हैं। आग बुझाने के साथ-साथ रेस्क्यू अभियान भी चलाया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय सहयोग किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं से भर गई थी और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी नीतू कादयान मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों को घटनास्थल के पास जाने और वीडियो बनाने से रोका।
पीड़ित व्यापारी त्रिभुवन प्रसाद केसरी ने बताया कि वह गोदाम में सामान लेने पहुंचे थे, तभी आसपास के लोगों से आग लगने की सूचना मिली। शटर खोलते ही अंदर तेज धुआं और फैलती आग दिखाई दी। उनके अनुसार इस हादसे में करीब 7 से 8 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सूचना देने के काफी देर बाद दमकल विभाग मौके पर पहुंचा, जिससे नुकसान बढ़ गया।
एडीसीपी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि त्रिवेला बिल्डिंग के नीचे दो दुकानें और ऊपर आवासीय हिस्सा बना हुआ है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि दमकल विभाग को सुबह 11:13 बजे सूचना मिली थी और 11:35 बजे टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
