गोरखपुर
तरकुलहा देवी दर्शन जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी हादसे का शिकार, कई घायल
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में हाईवे पर तेज रफ्तार डीसीएम का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर वाहन सड़क पर पलट गया, जिसमें सवार 23 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े।
जानकारी के अनुसार, सिकरीगंज क्षेत्र के महादेव गांव से सभी यात्री बुधवार को तरकुलहा देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे। यात्रा के दौरान रामगढ़ताल इलाके के पास अचानक डीसीएम का टायर फट गया। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पलट गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
घायलों में महिलाओं और बच्चों की भी संख्या बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार, तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि वाहन पलटते ही सवार लोग इधर-उधर जा गिरे और कई लोग वाहन के नीचे दब गए, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण टायर फटना बताया जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने की बात कही है और अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
