गाजीपुर
जमानियां पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस के साथ आरोपी को दबोचा
गाजीपुर (जयदेश)। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जमानियां पुलिस को सफलता मिली है। बुधवार को उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम जीवपुर स्थित जनता इंटर कॉलेज के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान श्याम सिंह उर्फ मिठ्ठू सिंह पुत्र शैलेन्द्र प्रताप सिंह, निवासी चितबड़ागांव थाना चितबड़ागांव, बलिया, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया।
इस बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना जमानियां में मुकदमा अपराध संख्या 106/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें थाना जमानियां गाजीपुर में आर्म्स एक्ट का मुकदमा, थाना कोतवाली गाजीपुर में चोरी और अन्य धाराओं से संबंधित मामले, तथा थाना चितबड़ागांव बलिया में गैंगेस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में दर्ज मुकदमे शामिल हैं। इसके अलावा बलिया जनपद के कोतवाली क्षेत्र में भी उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण पंजीकृत हैं।
इस कार्रवाई को थाना जमानियां पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव अपने हमराहियों के साथ शामिल रहे।
