गाजीपुर
हीट वेव से बचाव को लेकर सीएचसी अधीक्षक की अपील, दोपहर में घर से न निकलने की सलाह
सैदपुर (गाजीपुर) जयदेश। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजीव सिंह ने आमजन से सतर्क रहने और हीट वेव (लू) से बचाव के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि इस समय तापमान अत्यधिक बढ़ने के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए विशेष सावधानी बरतना बेहद आवश्यक है।
डॉ. सिंह ने बताया कि दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक सूर्य की किरणें सबसे अधिक तीव्र होती हैं, ऐसे में अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। यदि किसी जरूरी कार्य से बाहर जाना ही पड़े, तो सिर को ढककर निकलें और हल्के, सूती कपड़े पहनें।
उन्होंने लोगों को दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी। साथ ही नींबू पानी, छाछ, लस्सी, ओआरएस जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने पर जोर दिया, ताकि शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) न हो सके। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
इसके अलावा उन्होंने मौसमी बीमारियों, विशेषकर डायरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में दूषित पानी और खराब भोजन के कारण डायरिया तेजी से फैलता है। इसलिए हमेशा साफ और उबला हुआ या शुद्ध पानी ही पिएं तथा ताजा और स्वच्छ भोजन का ही सेवन करें।
डॉ. सिंह ने यह भी अपील की कि लोग खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से परहेज करें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
स्वास्थ्य विभाग की इस अपील का उद्देश्य आमजन को जागरूक करना और गर्मी के इस प्रकोप से सुरक्षित रखना है, ताकि लोग स्वस्थ रह सकें और किसी भी गंभीर स्थिति से बचा जा सके।
