Connect with us

वाराणसी

एटीएम बदलकर छात्र के खाते से 29 हजार उड़ाए

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद थाना अंतर्गत कछवां रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में पैसा निकालने गए बीएससी के एक छात्र से जालसाजों ने एटीएम कार्ड बदलकर 29 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने सोमवार को मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के दुरासी गांव निवासी शुभम राज शनिवार की शाम अपने पिता प्रदीप कुमार का एटीएम कार्ड लेकर कछवां रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर पैसा निकालने गया था। पीड़ित के मुताबिक एटीएम के अंदर पहले से तीन युवक मौजूद थे। जब वह पैसा निकालने लगा तो ट्रांजैक्शन पूरा नहीं हुआ। इसी दौरान पास खड़े एक युवक ने मदद के बहाने उसका एटीएम कार्ड ले लिया और पिन नंबर भी देख लिया।

आरोप है कि जालसाज ने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। छात्र बिना पैसा निकाले घर लौट आया। कुछ देर बाद मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके खाते से 29 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं।

रविवार को बैंक बंद होने के कारण जानकारी नहीं हो सकी। सोमवार को जब वह एसबीआई की चौरी शाखा पहुंचा तो पता चला कि खाते से कई बार में रकम निकाली गई है। जांच में यह भी सामने आया कि उसका एटीएम कार्ड बदलकर एसबीआई का दूसरा कार्ड दे दिया गया था।

पीड़ित ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page