वाराणसी
विद्युत स्पर्शाघात से विवाहिता की मौत, बिना सूचना किया अंतिम संस्कार
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के डंगहरिया गांव में रविवार को शाम खेत में घास काटने गई एक विवाहिता की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना देर रात ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
डंगहरिया (मिर्जामुराद) गांव निवासी उर्मिला देवी (36) पत्नी पवन पटेल रविवार की दोपहर घर के पास खेत में घास काटने गई थीं। इसी दौरान किसान द्वारा फसल को बचाने के लिए खेत में बिछाए गए विद्युत तार के संपर्क में आने से वह करंट की चपेट में आकर झुलस गईं। काफी देर तक वह खेत में ही पड़ी रहीं। उधर से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों की नजर पड़ते ही पर उन्होंने शोर मचाकर परिजनों को सूचना दी।
परिजन आनन-फानन में विवाहिता को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही देर रात शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका के परिवार में तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं। पति पवन पटेल मजदूरी (पल्लेदारी) कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
