Connect with us

वाराणसी

नाव पर शराब और डीजे पार्टी का मामला गरमाया, जांच में जुटी पुलिस

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। गंगा नदी के बीच नाव पर शराब पार्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस महकमा सतर्क हो गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वायरल वीडियो में कुछ युवक नाव पर डीजे की धुन पर नाचते-गाते और शराब का सेवन करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस वीडियो की सत्यता के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि यह घटना कब और किस स्थान की है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह वीडियो मीरजापुर के बड़ी शीतला माता (अदलपुरा) धाम में ‘बधावा’ ले जाने के दौरान का बताया जा रहा है। परंपरा के तहत माझी समाज के लोग नाव के माध्यम से माता के दर्शन के लिए जाते हैं। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने गंगा के बीच प्रतिबंधित डीजे बजाकर नशे की पार्टी की और नाव रोककर शराब का सेवन किया। वीडियो में फिल्मी गीतों पर युवकों को झूमते और जाम छलकाते देखा जा सकता है।

गौरतलब है कि वाराणसी में गंगा की पवित्रता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी में तेज ध्वनि में डीजे बजाने, नशा करने और किसी भी प्रकार के आयोजन पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद इस तरह की गतिविधि सामने आने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

हाल ही में गंगा में नाव पर रोजा इफ्तार के दौरान बिरयानी खाने का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर 14 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब शराब पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वीडियो में दिख रहे युवक घाटों के आसपास के निवासी हो सकते हैं। साथ ही उन नाविकों और आयोजकों की पहचान की जा रही है, जिन्होंने प्रतिबंधित डीजे को नाव पर ले जाने की अनुमति दी। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page