वाराणसी
अवैध गैस सिलेंडर का भंडारण उजागर, 200 से अधिक टंकियां बरामद
वाराणसी। एलपीजी गैस की कमी के बीच कैंट पुलिस ने चौकाघाट क्षेत्र में बंद पड़े पेट्रोल पंप की इमारत में छापा मारकर अवैध रूप से भंडारित कमर्शियल गैस सिलेंडरों की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस के अनुसार मौके से 200 से अधिक भरे हुए सिलेंडर पाए गए हैं।
कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के अनुसार अवैध गैस भंडारण की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उक्त स्थान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान बंद पेट्रोल पंप की बिल्डिंग के अंदर भारी मात्रा में कमर्शियल गैस सिलेंडर रखे मिले, जिनकी संख्या 200 से अधिक बताई जा रही है। सिलेंडरों की गिनती कराई जा रही है और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ जारी है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह गैस सिलेंडर मिर्जापुर के अदलहाट स्थित सनराइज गैस एजेंसी से संबंधित हैं। आरोप है कि एजेंसी संचालकों द्वारा इन्हें अवैध रूप से यहां भंडारित कर होटल और रेस्टोरेंटों को ऊंचे दामों पर सप्लाई किया जा रहा था।
घटना की जानकारी जिला आपूर्ति अधिकारी को दे दी गई है। उनके मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति स्पष्ट होने के साथ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
