Connect with us

वाराणसी

बुजुर्ग महिला से पता पूछकर बदमाश ने छीनी सोने की चेन

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जनपद के शिवपुर थाना क्षेत्र के नारायण पार्क कॉलोनी में सोमवार सुबह एक बाइक सवार बदमाश ने बुजुर्ग महिला से पता पूछने के बहाने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गया। घटना सुबह करीब 7:18 बजे की है, जब 75 वर्षीय कुसुम शाह अपने घर के बाहर टहल रही थीं।

पीड़िता के अनुसार, इसी दौरान सफेद रंग की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और शुक्ला जी का पता पूछने लगा। महिला के कुछ भी न बता पाने पर बदमाश ने अचानक उनके गले से करीब दो तोले वजन की सोने की चेन झपट ली और शिवपुर बाजार की ओर भाग निकला।

घटना के बाद महिला के परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और लिखित तहरीर सौंपी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, पुलिस ने मामले में जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया है और कहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने भी उम्मीद जताई है कि पुलिस इस मामले का शीघ्र खुलासा करेगी और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page