वाराणसी
टीसौरा गांव में दो माह से कचरा उठान बंद, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी
वाराणसी। चोलापुर क्षेत्र के टीसौरा गांव में पिछले दो महीनों से कचरा गाड़ी के न पहुंचने से ग्रामीणों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं, जिससे गंदगी के साथ-साथ बदबू भी फैल रही है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बीते करीब 60 दिनों से कचरा निस्तारण की व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है। ऐसे में लोग मजबूरी में कूड़ा सड़कों के किनारे और खेतों में फेंकने को विवश हैं, जिससे गांव का वातावरण दूषित हो रहा है।
ग्राम प्रधान संजय यादव ने बताया कि कचरा गाड़ी खराब हो जाने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है और उसकी मरम्मत में समय लग रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
लगातार बढ़ रही गंदगी के चलते बैक्टीरिया, कीटाणु और फंगस जनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति गंभीर स्वास्थ्य संकट का रूप ले सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कचरा निस्तारण की व्यवस्था शीघ्र बहाल करने की मांग की है।
