वाराणसी
पीसीएस में चयनित वाणिज्य कर अधिकारी का बेनीपुर गाँव में भव्य स्वागत
वाराणसी। क्षेत्र के बेनीपुर गांव (मिर्जामुराद) निवासी जिलाजीत मौर्य पुत्र( स्वर्गीय लल्लू राम मौर्य ) पीसीएस परीक्षा में 136वीं रैंक प्राप्त कर वाणिज्य कर अधिकारी पद पर चयनित होने पर गांव में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। गांव के चौराहे पर पहुंचने पर लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया और सफलता की बधाई दी। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा।
पोस्ट ग्रेजुएट जिलाजीत मौर्य ने बताया कि इस परीक्षा में सफलता के लिए उन्होंने दिन-रात मेहनत की और अपने सफलता का श्रेय सभी बड़े भाइयों के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक वह सिविल सेवा की परीक्षा पास नहीं कर लेते, तब तक शादी नहीं करेंगे। उन्होंने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की।

जिलाजीत चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे हैं। करीब 10 वर्ष पूर्व उनके सिर से पिता का साया उठ गया था। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मर्चेंट नेवी की नौकरी छोड़कर पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी जारी रखी।
इस मौके पर परिजनों ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने जिलाजीत की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
