वाराणसी
नगर निगम ने टेंडर नियमों की अनदेखी पर 29 फर्मों पर लगाया प्रतिबंध
वाराणसी। नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया में लापरवाही और नियमों की अनदेखी करने के आरोप में 29 फर्मों पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट कर दिया है। यह कार्रवाई नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर सामान्य अभियंत्रण विभाग द्वारा की गई।
जांच में पाया गया कि संबंधित फर्मों ने धरोहर राशि (ईएमडी) और टेंडर फीस जमा किए बिना ही निविदा प्रक्रिया में भाग लिया था, जबकि निगम के नियमों के अनुसार किसी भी टेंडर में शामिल होने से पूर्व इन दोनों मदों का भुगतान अनिवार्य होता है। कई ठेकेदारों और संस्थाओं द्वारा इस अनिवार्यता की अनदेखी की गई थी।
मामले को गंभीर मानते हुए निगम ने आंतरिक जांच कराई, जिसमें सभी आरोपों की पुष्टि हुई। कार्रवाई के बाद ठेकेदारों के बीच हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वाली फर्मों के खिलाफ इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
ब्लैकलिस्ट की गई फर्मों में बीएलडी कंस्ट्रक्शन एंड सप्लायर, मां गंगा कंस्ट्रक्शन, शांति इंटरप्राइजेज, देव इंटरप्राइजेज, श्रीराम डेवलपर्स, कुशाग्र इंटरप्राइजेज, सिद्धार्थ कंस्ट्रक्शन, बाबा विश्वनाथ ट्रेडर्स, विराज इंटरप्राइजेज, आरके कंस्ट्रक्शन, रवि नारायण सिंह, श्री बद्री विशाल विभु इंटरप्राइजेज, बनारस एसोसिएट, राज एसोसिएट, श्री जी इंटरप्राइजेज, श्री विकास इंटरप्राइजेज, इन्द्रपमा कंस्ट्रक्शन, कुश इंटरप्राइजेज, वैष्णो इंटरप्राइजेज, बालाजी इंटरप्राइजेज, त्रिदेव इंटरप्राइजेज, सुषमा कंस्ट्रक्शन, अयांश इंटरप्राइजेज, सिद्धि इंटरप्राइजेज, धाम इंटरप्राइजेज, आरपी इंटरप्राइजेज, श्री विष्णु इंटरप्राइजेज, अजा कंस्ट्रक्शन और कृष्णा इंटरप्राइजेज शामिल हैं।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह कदम व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नियमों के कड़ाई से अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
