वाराणसी
बढ़ते विद्युत लोड से शहर में बढ़े ब्रेकडाउन, उपभोक्ता परेशान
वाराणसी। गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में विद्युत लोड में तेजी से वृद्धि होने लगी है, जिसके चलते बिजली व्यवस्था पर दबाव साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार सुबह पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के नविवि खंड चौकाघाट अंतर्गत बेनियाबाग उपकेंद्र क्षेत्र में बेनियाबाग मार्ग-नई सड़क पर स्थापित ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गया, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई और उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सुबह के समय बिजली बाधित होने से घरों में पंखे और कूलर बंद हो गए, वहीं दुकानदारों और छोटे कारोबारियों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। शिकायत मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया। ट्रांसफार्मर में आई गर्मीजनित खराबी को दूर करते हुए डीओ फ्यूज बदले गए तथा एचटी जंपर की मरम्मत की गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
इस दौरान बेनियाबाग उपकेंद्र से जुड़े कई मोहल्लों के लोगों को लंबे समय तक बिजली संकट झेलना पड़ा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बढ़ते लोड के कारण ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे इस प्रकार की खराबियां सामने आती हैं। हालांकि कर्मचारियों की तत्परता से समस्या का समाधान समय रहते कर लिया गया। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1912 या 1800-410-1912 पर दें।
उधर, नगरीय विद्युत वितरण खंड-सारनाथ के अंतर्गत पुराना दौलतपुर उपकेंद्र से जुड़े पहड़िया क्षेत्र में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही। संजय नगर कालोनी-अकथा और भक्तिनगर कालोनी-रमरेपुर में ट्रांसफार्मर के इंसुलेटर खराब होने के साथ ही जंपर और केबल में आई दिक्कतों के कारण कई घंटों तक बिजली गुल रही। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर इंसुलेटर को दुरुस्त किया और क्षतिग्रस्त जंपर व केबल की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की।
अधिकारियों के अनुसार बढ़ते विद्युत लोड के चलते लगातार ब्रेकडाउन की स्थिति बन रही है, जिससे उपभोक्ताओं को बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है।
