वाराणसी
कैथी और डाफी टोल प्लाजा पर बढ़ी दरें, वाहन चालकों की जेब पर बढ़ा बोझ
वाराणसी। कैथी और डाफी टोल प्लाजा पर बुधवार से टोल शुल्क में पांच से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है। टोल प्रशासन ने देर रात नई दरों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया। फिलहाल अगले आदेश तक नकद भुगतान की सुविधा जारी रहेगी।
डाफी टोल प्लाजा के मैनेजर मनसूर के अनुसार संशोधित दरों में कार, जीप व अन्य छोटे वाहनों के लिए शुल्क 125 रुपये से बढ़ाकर 130 रुपये कर दिया गया है। वहीं हल्के वाणिज्यिक वाहनों से अब 205 रुपये के स्थान पर 210 रुपये वसूले जाएंगे। दो धुरी बस या ट्रक के लिए टोल 430 रुपये से बढ़ाकर 440 रुपये कर दिया गया है। तीन धुरी वाहनों के लिए 470 रुपये की जगह 480 रुपये तथा भारी मशीनरी के लिए 475 रुपये के स्थान पर 490 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
उधर, कैथी टोल प्लाजा के प्रबंधक प्रवीण कौशिक ने बताया कि नई दर सूची के अनुसार कार, जीप जैसे हल्के वाहनों के लिए फास्टैग से 145 रुपये शुल्क लिया जाएगा, जो पहले 140 रुपये था। एलसीवी और मिनी बस के लिए क्रमशः 235 रुपये और 293.75 रुपये तय किए गए हैं। बस या ट्रक (दो एक्सल) के लिए फास्टैग से 490 रुपये और यूपीआई से 612.50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार तीन एक्सल (10 चक्का) ट्रक के लिए अब 535 रुपये टोल देना होगा।
